कबीरधाम जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहारा थाना क्षेत्र में चौकी रणवीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दिनांक 05 अप्रैल 2025 को बिरेंद्रनगर निवासी पुरन साहू ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (CG 09-JH-4295) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 59/24 अंतर्गत धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की।
विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण, गवाहों के बयान एवं सतत पतासाजी के आधार पर पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान जागेश्वर सोरी और टिंकल मण्डावी के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी लोहारा निरीक्षक लालमन साव एवं चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे के नेतृत्व में एएसआई छुनकू राम नेताम, एएसआई योद्धा देशमुख, प्रधान आरक्षक इंद्र कुमार साहू एवं आरक्षक विनोद मरकाम की टीम ने अंजाम दिया।
आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
कबीरधाम पुलिस आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सजग एवं सतर्क है। नागरिकों से अपील है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।