छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनता से जुड़े तीन अहम मुद्दे सदन में उठाए। उन्होंने प्रदेश में संचालित शराब दुकानों की संख्या और उनके स्थान निर्धारण को लेकर सवाल पूछा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रदेश में कुल 676 शराब दुकानें संचालित हैं, जो सामान्य प्रयुक्ति नियमों के अनुरूप आपत्तिरहित स्थलों पर स्थित हैं।
विधायक बोहरा ने प्रदेश में बार-बार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया। मुख्यमंत्री ने जवाब में बताया कि मानसून में उपकरण खराबी, आंधी-तूफान से तारों और पोलों के क्षतिग्रस्त होने तथा कर्मचारियों की कमी जैसे कारणों से आपूर्ति बाधित होती है। उन्होंने बताया कि 6570 स्वीकृत पदों में से अधिकांश रिक्त हैं, जिन्हें बाहरी कर्मचारियों से आंशिक रूप से भरा गया है।
इसके अलावा पंडरिया क्षेत्र में नवीन स्कूल स्थापना और स्कूल भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति पर विधायक बोहरा ने सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में 6 शासकीय स्कूल निर्माणाधीन हैं और राज्यभर में विगत डेढ़ वर्षों में 3371 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
विधायक बोहरा ने शासन से शिक्षा, बिजली और शराब नीति पर ठोस कदम उठाने की मांग की।