बरसात के दिनों में पंडरिया–कवर्धा मुख्य मार्ग पर वर्षों से चली आ रही बड़ी समस्या का समाधान आखिरकार हो गया है। पंडरिया नगर के समीप स्थित हरिनाला पर बना पुराना रपटा बारिश में पानी के बहाव के साथ डूब जाता था। नतीजतन, कई गांवों का संपर्क टूट जाता और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता। अब रपटे की जगह पक्के पुल का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।
स्थानीय नागरिक बताते हैं कि थोड़ी सी बारिश में ही रपटा पानी में समा जाता था, जिससे स्कूल–कॉलेज जाने वाले छात्र, मरीज़, व्यापारी और आमजन फंस जाते थे। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी घंटों तक रुकी रहती थीं। इस समस्या का समाधान वर्षों से मांग में था, परंतु पूर्ववर्ती जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल में यह मुद्दा अनसुलझा रह गया।
पंडरिया विधानसभा से विधायक निर्वाचित होने के बाद भावना बोहरा ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। उन्होंने पहल करते हुए हरिनाला पर पक्के पुल का निर्माण सुनिश्चित कराया। मजबूत पुल तैयार होने के बाद अब मुख्य मार्ग पर अबाध आवागमन संभव हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विधायक भावना बोहरा ने केवल वादे नहीं किए, बल्कि जमीनी स्तर पर काम कर दिखाया है। आमजन की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करके उन्होंने यह साबित कर दिया है कि जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरना ही उनकी प्राथमिकता है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने विधायक बोहरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल का निर्माण उनके लिए “जीवन रेखा” साबित होगा। ग्रामीणों का कहना है कि “भावना बोहरा ने जिस तेजी और संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्या का समाधान किया, वह सराहनीय है और वे जनता की सच्ची प्रतिनिधि हैं।”
पुल निर्माण से न केवल पंडरिया नगर बल्कि जबलपुर – बिलासपुर नेशनल हाईवे सहित आसपास के दर्जनों गांवों को भी लाभ होगा। किसान और व्यापारी वर्ग ने भी विधायक की कार्यशैली की प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के ठोस कदम ही क्षेत्र के विकास की गवाही देते हैं।
यह पुल न केवल आवागमन को सुगम बना रहा है, बल्कि विधायक भावना बोहरा की जनहितैषी सोच और प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर “विकास की मिसाल” पेश कर रहा है।