भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रकोष्ठों के संयोजक एवं सह–संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा की है। इसी क्रम में बलौदाबाजार निवासी टेसूलाल धुरंधर को शिक्षा प्रकोष्ठ का सह–संयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति शिक्षा, समाज, संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, सक्रियता और उत्कृष्ट कार्यों की मान्यता के रूप में देखी जा रही है।
शिक्षा, योग, सामाजिक सेवा और संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्र में चार दशक से अधिक का उनका योगदान उन्हें इस जिम्मेदारी का सबसे उपयुक्त चेहरा बनाता है।
1 जून 1962 को जारा में जन्मे धुरंधर एम.ए., एम.फिल (प्रावीण्यता) की उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्त प्रधानपाठक रहे हैं। उनका शैक्षणिक अनुभव न सिर्फ कक्षाओं तक सीमित रहा, बल्कि वे वर्षों तक विकासखंड एवं प्रदेश स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में हजारों शिक्षकों को प्रशिक्षित कर चुके हैं।
वे प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग में डिप्लोमा धारक होने के साथ योग स्टेट ट्रेनर भी रहे हैं। उन्होंने अनेक योग शिविरों का संचालन किया और वर्षों तक नि:शुल्क योग कक्षा चलाकर समाज को स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित किया।
धुरंधर शिक्षा सुधार, नैतिक शिक्षा, जीवन विद्या दर्शन और युवा नेतृत्व विकास में भी लगातार सक्रिय रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ में तहसील से लेकर प्रांतीय स्तर तक विभिन्न दायित्वों को सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। बलौदाबाजार जिले में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवनी लेखन समिति के संयोजक रहते हुए उन्होंने कई वीर सेनानियों की जीवनी के प्रकाशन का नेतृत्व किया।
सामाजिक मोर्चों पर भी उनका योगदान प्रभावशाली रहा है—
गायत्री परिवार के दीक्षित साधक, कबीरपंथ समाज के जिला संयोजक, नागरिक सेवा समिति के प्रथम महामंत्री, सर्व समाज समिति के कोषाध्यक्ष तथा कई सामाजिक संस्थाओं के मार्गदर्शक के रूप में उन्होंने समाज में एक मजबूत पहचान बनाई है।
धुरंधर ने बलौदाबाजार में शिक्षक सृजन मंच का गठन कर नवोदय प्रवेश परीक्षा और अंग्रेजी कोचिंग जैसी योजनाओं से हजारों विद्यार्थियों को नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाई। उनकी इस पहल से बलौदाबाजार जिला शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचाना गया।
2018 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा के विधायक प्रत्याशी भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ योग प्रशिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष, कुर्मी समाज के जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं भारत माता सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
टेसूलाल धुरंधर की नई नियुक्ति को भाजपा संगठन में एक अनुभवी, सशक्त और सिद्ध नेतृत्व की बड़ी एंट्री माना जा रहा है। शिक्षा प्रकोष्ठ में उनकी भूमिका से राज्य में नीति आधारित परिवर्तन, गुणवत्ता सुधार और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों के विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।