रविवार को छोटे उरला, अभनपुर में छत्तीसगढ़ मरार पटेल समाज अभनपुर राज द्वारा एक ऐतिहासिक एवं भव्य वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। समाज के स्वाभिमान और विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ यह आयोजन, जहाँ लगभग एक एकड़ भूमि पर निर्मित 30 लाख रुपए की लागत से बने समाजिक भवन का लोकार्पण, माँ शाकम्भरी माता जी की मूर्ति स्थापना, महात्मा ज्योतिबा फुले जी की प्रतिमा का अनावरण एवं गौरवमयी सम्मान समारोह का आयोजन एक ही दिन में संपन्न हुआ।
इस भव्य समारोह में ग्राम प्रमुखों, वरिष्ठ समाजसेवियों, नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का अवसर मुझे मिला, यह मेरे लिए बड़े गौरव की बात रही।
इतना विशाल एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम एक ही दिन में कराना सहज कार्य नहीं है। यह कार्य केवल वही कर सकता है जिसमें नेतृत्व की उत्कृष्ट क्षमता, समाज के प्रति समर्पण, कार्य के प्रति निष्ठा और स्पष्ट दृष्टिकोण हो। ऐसे ही एक कर्मठ, ईमानदार और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता हैं—श्री ईश्वर पटेल जी, अध्यक्ष अभनपुर राज एवं रायपुर जिला अध्यक्ष, मरार पटेल समाज। उनके नेतृत्व में लगभग सवा करोड़ रुपये का निर्माण कार्य समाज हित में पूर्ण हो चुका है, और आगे भी अनेक कार्यों की योजना है, ऐसा विश्वास है।
ऐसे अद्भुत नेतृत्वकर्ता को बारंबार नमन है। आप जैसे सजग समाज सेवियों की समाज को आवश्यकता है, जो न केवल दिशा दिखाएं बल्कि समाज की दशा भी बदलें। मैं अपनी ओर से एवं सम्पूर्ण सर्व समाज संगठन की ओर से, श्री ईश्वर पटेल जी एवं उनकी पूरी कार्यकारिणी को इस भव्य आयोजन के लिए हार्दिक साधुवाद एवं शुभकामनाएं देता हूँ।