राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में लापरवाही का मामला विधानसभा में गूंजा, भावना बोहरा ने उठाए राशन वितरण, महतारी वंदन योजना और दिव्यांग उपकरण वितरण के मुद्दे
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने बिलासपुर-तखतपुर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-130 निर्माण कार्य में लापरवाही, धीमी गति और गुणवत्ता अनदेखी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण जनता को भारी परेशानी हो रही है। ठेकेदारों पर कार्रवाई और निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने की मांग करते हुए उन्होंने सदन में ध्यानाकर्षण कराया, जिस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा भावना बोहरा ने तीन माह का राशन एकमुश्त वितरण, महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु पोषण आहार वितरण करने वाले महिला स्व सहायता समूहों के चयन की प्रक्रिया और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण जैसे महत्वपूर्ण जनहित के सवाल सदन में उठाए।
खाद्य मंत्री ने बताया कि राज्य में 3 माह का चावल एकमुश्त वितरण हेतु केंद्र सरकार से 31 जुलाई तक समय सीमा वृद्धि मिली है। भण्डारण व्यवस्था और शिकायत निवारण हेतु कॉल सेंटर की व्यवस्था की गई है।
महतारी वंदन योजना के तहत पंडरिया में अब तक 1,23,925 महिलाओं को लाभ मिला है और सभी शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। नए आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्म भोजन का वितरण 889 महिला समूहों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। विज्ञापन या अधिसूचना जारी नहीं की गई थी।
दिव्यांगजनों को 2024 से 2025 के बीच 126 में से 122 हितग्राहियों को उपकरण प्रदान किए गए हैं।
भावना बोहरा ने इन सभी मामलों में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और जनता को समयबद्ध लाभ दिलाने की मांग की।