थाना क्षेत्र अंतर्गत 19 जुलाई की रात सेमरिया निवासी शशि कुमार साहू के साथ हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बालिग आरोपी सहित दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने प्रार्थी से ₹20,000 नगद व मोबाइल फोन लूटने के साथ मारपीट भी की थी, जिससे प्रार्थी को सिर व आंख के पास चोटें आईं।
घटना के संबंध में पीड़ित ने 20 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने CCTV फुटेज और साइबर टीम की सहायता से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल किया, जिनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, ₹4000 नगद और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमन ढीमर (20 वर्ष, ग्राम कुम्हारी, थाना खरोरा, जिला रायपुर) के साथ दो अपचारी बालक शामिल हैं, जिनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
यह घटना बाल अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति और सरकारी पुनर्वास व बाल संरक्षण योजनाओं की असफलता की भी ओर संकेत करती है। शासन द्वारा चलाई जा रही “बाल संगवारी योजना”, “बाल सुधार गृह पुनर्वास कार्यक्रम”, “मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना” जैसी पहल का वास्तविक लाभ इन बच्चों तक नहीं पहुंच पा रहा है। गरीबी, मार्गदर्शन की कमी और सामाजिक निगरानी के अभाव में ऐसे किशोर अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए गहरी चिंता का विषय है।
कसडोल पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।