पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग अपचारी बालक ने युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी बालक को हिरासत में ले लिया।
घटना 2 नवंबर की देर रात हुई जब प्रार्थी प्रकाश जायसवाल सुआ नाचा देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बोरिंग के पास उसके चाचा के पुत्र गुमान जायसवाल पर आरोपी अपचारी बालक ने अचानक चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल पलारी अस्पताल, फिर जिला अस्पताल बलौदा बाजार, और बाद में चंदा देवी तिवारी अस्पताल बलौदा बाजार में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
थाना गिधपुरी पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 144/2025, धारा 109 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में टीम ने कार्यवाही कर आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर विधिवत कार्रवाई की है।
गिधपुरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर अपराध में शामिल अपचारी बालक की गिरफ्तारी संभव हो पाई।
मामले ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि छोटी-छोटी रंजिशें भी हिंसक रूप ले रही हैं, जिन पर समाज और प्रशासन दोनों को सजग रहना होगा।