₹19.94 करोड़ की विकास सौगात से पंडरिया में विकास का नया युग शुरू उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले— विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से पंडरिया लिख रहा विकास की नई इबारत
पंडरिया विधानसभा के इतिहास में आज विकास का एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पालिका पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत ₹19 करोड़ 94 लाख 75 हजार से अधिक के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक नागरिकों की ऐतिहासिक उपस्थिति ने इसे जनआकांक्षाओं का महापर्व बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विधायक भावना बोहरा की अनुशंसा पर नगर पालिका पंडरिया को ₹2 करोड़ तथा नगर पंचायत पांडातराई एवं इंदौरी को ₹1-1 करोड़ की अतिरिक्त विकास राशि की घोषणा की। साथ ही अन्य लंबित मांगों को भी शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
भावना बोहरा के नेतृत्व में पंडरिया बना विकास का मॉडल
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विधायक भावना बोहरा ने जनसेवा को अपना जीवन संकल्प बनाया है। सड़क, पेयजल, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में उनके प्रयासों से पंडरिया विधानसभा विकास के नए मानक स्थापित कर रही है।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा हेतु 8 निःशुल्क बस सेवाएं, आपातकालीन सेवा के लिए 8 निःशुल्क एंबुलेंस, मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, निःशुल्क कोचिंग सेंटर जैसी जनकल्याणकारी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं कार्यों के कारण भावना बोहरा को जनता ने “एम्बुलेंस वाली दीदी” का सम्मान दिया है।
₹19 करोड़ से अधिक के कार्य जनता को समर्पित: भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा का अवसर उनके लिए सौभाग्य है।
उन्होंने कहा, “आज ₹19 करोड़ से अधिक के विकास कार्य मैं पंडरिया विधानसभा की जनता को समर्पित करती हूं। मेरा संकल्प है कि हर गांव, हर बस्ती और वनांचल के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और जीवनस्तर में व्यापक सुधार आएगा।
₹13.89 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत कुल ₹13 करोड़ 89 लाख 33 हजार के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें—
₹3.85 करोड़ से नगर पालिका भवन सह व्यावसायिक परिसर
₹3.80 करोड़ से अधोसंरचना मद अंतर्गत 66 कार्य
₹1.91 करोड़ से मिनी स्टेडियम निर्माण
₹73.80 लाख से एसएलआरएम सेंटर
₹2.79 करोड़ से नगर पंचायत पांडातराई में 52 विकास कार्य
₹59.66 लाख से अमनिया से डालामौहा तक रपटा निर्माण कार्य शामिल हैं।
₹6.05 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
इस अवसर पर ₹6 करोड़ 5 लाख 42 हजार के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया, जिनमें जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम दुल्लापुर, सेन्हाभांठा, परसवारा, लोखान एवं मुनमुना में नल जल प्रदाय योजनाएं, पांडातराई में नवीन तहसील भवन, पंडरिया में चौपाटी, भारत माता चौक, शिवाजी पुष्प वाटिका एवं रजत जयंती चौक शामिल हैं।
डबल इंजन सरकार में तेज विकास
पूर्व विधायक अशोक साहू ने कहा कि यह कार्यक्रम पंडरिया विधानसभा के लिए ऐतिहासिक है।
नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया नगर निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू, दुर्गा सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता सोनी, मित्रिन बाई मांडले, उपाध्यक्षगण, जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल लोकार्पण और भूमिपूजन नहीं, बल्कि ‘विकसित पंडरिया’ के संकल्प की मजबूत नींव साबित हुआ