महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत वीर सावरकर भवन, कवर्धा में बालिका सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 551 बालिकाओं का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर भोजन कराया गया तथा उपहार भेंटकर उन्हें शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि शर्मा ने बालिकाओं को उपहार भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कॉपी, पेंसिल, रबर, रुमाल और रंगीन पेंसिल सहित उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उनकी शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बालिकाओं का सम्मान और सशक्तिकरण निरंतर प्रयासों से ही सार्थक होगा।