कवर्धा। दिल्ली पब्लिक स्कूल कवर्धा के कक्षा दूसरी के छात्र शिवम् साहू ने चित्रकला के क्षेत्र में राज्यस्तर पर अपनी पहचान बनाई है। द नेशनल एकेडमी फॉर आर्ट एजुकेशन, पुणे द्वारा आयोजित ग्रीन इंडिया मिशन चित्रकला प्रतियोगिता 2026 में शिवम् को ग्रेड-A के साथ सम्मान पुरस्कार प्रदान किया गया है। कम उम्र में मिली इस उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करना था। इसमें शिवम् ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण विषय पर चित्र प्रस्तुत किया। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन को सराहते हुए ग्रेड-A के साथ सम्मान पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
संस्था की ओर से जारी प्रमाणपत्र के अनुसार, शिवम् का प्रतियोगिता केंद्र क्रमांक NAAE-GIMAC-S-268108 तथा प्रमाणपत्र क्रमांक SL268108-002 है। यह प्रमाणपत्र 16 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है। संस्था की चेयरपर्सन के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर छात्र की उपलब्धि को सम्मानित किया गया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल कवर्धा प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय में नर्सरी स्तर से ही बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ कला और पर्यावरण जैसे विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। शिवम् की उपलब्धि इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
कक्षा दूसरी के विद्यार्थी द्वारा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सम्मान हासिल करना जिले के लिए भी गौरव का विषय है। शिवम् की सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।