चोरी के एक अहम मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से ₹55,000 की नकदी बरामद की गई है।
घटना थाना लोरमी क्षेत्र के झझपुरी कला गांव की है, जहां निवासी राजेश कुमार साहू ने 24 जून को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जून को उसके घर से ₹96,500 की नकदी चोरी हो गई है। यह रकम उसने अपने मकान की बिक्री के बयाना स्वरूप प्राप्त की थी।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 399/25, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई। साइबर सेल को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक गांव में अत्यधिक खर्च कर रहे हैं और उनके पास बड़ी राशि नगद है। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इन युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में एक आरोपी रामलोचन साहू उर्फ गोलू (27 वर्ष) तथा एक विधि संघर्षरत बालक ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने उक्त रकम प्रार्थी के पेंट की जेब से चोरी की थी। आरोपियों के पास से ₹55,000 की नकदी जब्त की गई। रामलोचन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील कुमार बंछोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित और सटीक कार्रवाई की। टीम में प्रआर. नरेश यादव, लोकेश राजपूत, यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे सहित थाना लोरमी के निरीक्षक अखिलेश वैष्णव व उनकी टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे अपराधों के खिलाफ कठोर कार्यवाही जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे बड़ी रकम को सुरक्षित रखने के लिए सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।