कवर्धा, जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज अपर कलेक्टर डॉ. मोनिका कौड़ों को उनके स्थानांतरण अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, समस्त जिला अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने डॉ. कौड़ों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मोनिका ने अपने सेवाकाल में जिले के कई महत्वपूर्ण दायित्वों को निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। उनकी टीम भावना और नेतृत्व क्षमता सभी के लिए प्रेरणादायी रही।
डॉ. मोनिका ने 12 जुलाई 2022 को संयुक्त कलेक्टर के रूप में जिले में पदभार संभाला और 22 अक्टूबर 2024 को अपर कलेक्टर के पद पर पदोन्नत हुईं। कुल 3 वर्ष 2 माह 10 दिन तक जिले में रहते हुए उन्होंने आदिम जाति विकास, निर्वाचन और कानून-व्यवस्था सहित अनेक महत्वपूर्ण शाखाओं का सफल नेतृत्व किया।
विदाई के अवसर पर डॉ. कौड़ों ने कहा, “कबीरधाम जिला मेरे दिल के करीब रहेगा। अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के सहयोग से मैंने अपने दायित्व पूरे किए। यह अनुभव मेरे जीवनभर की पूंजी रहेगा।”
डॉ. मोनिका का स्थानांतरण अब राज्य लोक सेवा आयोग, रायपुर में हुआ है। विदाई समारोह में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।