जिले में सड़क विकास कार्यों को लेकर एक नया और मजबूत दौर शुरू हो चुका है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के कुशल नेतृत्व और लगातार प्रयासों से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने वाली महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को अभूतपूर्व गति मिली है।
76 सड़कों में से 12 तैयार—दुर्गम क्षेत्रों तक पहुँची खुशहाली
पीएम-जनमन योजना के तहत वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में बोड़ला और पंडरिया विकासखंड के अतिविशिष्ट जनजातीय क्षेत्रों के लिए 76 सड़कों (273.60 किमी) के निर्माण हेतु 20588.36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।
इनमें से 12 सड़कें पूरी हो चुकी हैं, जिससे 12 दूरस्थ बसाहटों को पहली बार सालभर सड़क सुविधा मिली है।
शेष 64 सड़कों का निर्माण मार्च 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है, जिससे 74 और बसाहटें सड़क से जुड़ेंगी।
2025-26: 7 नई सड़कों की मंजूरी—नए क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
वर्ष 2025-26 में जनजातीय पहुंच-विहीन बसाहटों को जोड़ने के लिए 7 नई सड़कों (17.20 किमी) के निर्माण हेतु 1572.75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
पुरानी सड़कों को नई मजबूती—239.58 किमी सड़क का नवीनीकरण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले के चारों विकासखंड—कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया और सहसपुर-लोहारा—में 44 सड़कों (239.58 किमी) के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण हेतु 13666.54 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इनमें से 5 सड़कों पर कार्य शुरू हो चुका है, जबकि अन्य 39 सड़कों की निविदा प्रक्रिया जारी है।
2025–28: 48 और गांवों को सड़क सुविधा—नई उम्मीदों का मार्ग
चौथे चरण में जिले को बड़ी सौगात मिलते हुए 48 नई सड़कों (104.06 किमी) के लिए 10618.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 48 बसाहटों को पहली बार बारहमासी सड़क सुविधा मिलेगी, जो क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई ऊर्जा देगी।
9 बड़े पुलों से यातायात को नई मजबूती
पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत 9 वृहद पुलों (470 मीटर) के निर्माण हेतु 2669.14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निविदा की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिससे मुख्य मार्गों पर आवागमन और सुगम होगा।
जिले के लिए बड़ी उपलब्धि
इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने पर कबीरधाम का ग्रामीण परिवेश न सिर्फ मजबूत सड़क नेटवर्क से जुड़ेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार में भी नई संभावनाएं खुलेगी।
कबीरधाम जिला अब ग्रामीण सड़क विकास का उभरता राष्ट्रीय मॉडल बनता दिखाई दे रहा है।