प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत गन्ना किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में कारखाने द्वारा अब तक कुल 24.85 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे किया जा चुका है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के सतत मार्गदर्शन में कारखाना प्रबंधन किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रहा है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित एफआरपी 329.05 रुपये की दर से भुगतान किए जाने से क्षेत्र के गन्ना किसानों में उत्साह और संतोष का वातावरण है। समय पर भुगतान से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और उन्हें आगामी कृषि कार्यों में भी सुविधा मिली है।
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित के प्रबंध संचालक श्री जी.एस. शर्मा ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 में अब तक 105,975 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 109,565 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया जा चुका है। यह उपलब्धि गन्ना उत्पादक किसानों के सहयोग और कारखाना प्रबंधन के कुशल संचालन का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति में अहम भूमिका निभा रहा है। राज्य शासन की गन्ना नीति के अनुरूप समय पर भुगतान कर किसानों की आर्थिक स्थिरता को मजबूत किया जा रहा है। बीते दो वर्षों में कारखाने द्वारा 300 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान गन्ना किसानों को किया गया है, वहीं 36 हजार सदस्यों को रियायती दर पर शक्कर वितरण भी किया गया है।
कारखाना प्रबंधन ने गन्ना किसानों से अपील की है कि वे परिपक्व, साफ-सुथरा, बिना अगवा एवं बिना जड़ वाला गन्ना आपूर्ति करें, जिससे रिकवरी प्रतिशत में वृद्धि होगी और इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। साथ ही, केवल 02 ट्रॉली गन्ना देकर कोई भी किसान नवीन अंशधारी सदस्य बन सकता है, जबकि सदस्यों द्वारा गन्ना आपूर्ति नहीं करने पर सदस्यता समाप्त किए जाने का प्रावधान भी है।
कुल मिलाकर, भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित कवर्धा किसानों के विश्वास पर खरा उतरते हुए समय पर भुगतान, बेहतर प्रबंधन और निरंतर प्रगति के साथ एक आदर्श सहकारी संस्थान के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।