कवर्धा , ग्राम रणवीरपुर में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण वातावरण में माँ शीतला की प्राचीन मूर्ति के नूतन मंदिर प्रतिस्थापना के अवसर पर भव्य भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दिव्य आयोजन में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पांडेय, पद्मश्री गायक अनुज शर्मा और लोकप्रिय आरूग बैंड की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु इस अवसर पर शामिल हुए और माँ शीतला के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
कार्यक्रम में अनुज शर्मा और आरूग बैंड की भक्ति गीतों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। ग्राम सेमरहा के बच्चों ने भी भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर समां बाँध दिया। इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय ने भी मंदिर में दर्शन-पूजन कर सभी ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक भावना बोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह संध्या श्रद्धा, ऊर्जा और भक्ति से ओतप्रोत थी, जिसने सम्पूर्ण वातावरण को दिव्यता से भर दिया। उन्होंने कहा कि भजन संध्या न केवल आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम है, बल्कि यह सामाजिक एकता, मानसिक शांति और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त जरिया है।

उन्होंने आगे कहा कि भक्ति भजन तनाव कम करते हैं, ध्यान और एकाग्रता को बढ़ाते हैं और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं। इस तरह के आयोजनों से समुदाय में आपसी भाईचारा और एकता भी सशक्त होती है। उन्होंने माँ शीतला के चरणों में नमन करते हुए क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। साथ ही, उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं का आभार प्रकट किया, जिनकी सहभागिता से यह आयोजन सफल हुआ।




