जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। यह हत्या उस दिन हुई जब महिला अपना जन्मदिन मना रही थी। आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद अपने दो साल के बेटे को लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को लोरमी बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 13 अप्रैल की है। कोरबा के रामसागरपारा क्षेत्र स्थित एक मकान में दुर्गा राजपूत नाम की महिला मृत अवस्था में मिली थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद आरोपी पति राजकुमार अपने छोटे बेटे को लेकर फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी एम. बी. पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी और अंततः आरोपी को लोरमी बस स्टैंड के पास से धर दबोचा।
प्रेम विवाह से हत्या तक:
पुलिस जांच में सामने आया कि राजकुमार और दुर्गा राजपूत ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। लेकिन समय के साथ रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती गई। राजकुमार के मुताबिक, दुर्गा उसके चरित्र पर संदेह करती थी और आए दिन झगड़े होते थे। इन्हीं तनावों से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया है। यह घटना लव मैरिज की सच्चाई और रिश्तों की उलझनों को उजागर करती है, जहां प्यार का रिश्ता अंततः नफरत और हत्या में बदल गया।