कबीरधाम जिले में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को वैज्ञानिक व आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत 15 दिवसीय “कृषि रथ” को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू एवं कृषि सभापति श्री रामकुमार भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह कृषि रथ 29 मई से 12 जून 2025 तक जिले की 78 ग्राम पंचायतों में पहुंचेगा। रथ के माध्यम से वैज्ञानिकों, कृषि अधिकारियों, एफपीओ प्रतिनिधियों, ड्रोन दीदी व लखपति दीदी की टीमें किसानों को उन्नत खेती के तौर-तरीकों, योजनाओं और तकनीकी समाधान की जानकारी देंगी। प्रतिदिन छह ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन कर सीधे संवाद के जरिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कृषि रथ की विशेषताएं:
खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकों का प्रचार
मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार फसल चयन व संतुलित उर्वरक उपयोग
धान की सीधी बुवाई (डीएसआर) और प्राकृतिक खेती की जानकारी
ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन और ICT टूल्स के उपयोग से किसानों को जागरूक करना
फसल बीमा, किसान सम्मान निधि, क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी
किसानों से फीडबैक लेकर अनुसंधान हेतु नवाचारों का संकलन
कृषि रथ, न केवल जानकारी का माध्यम है बल्कि गांव-गांव जाकर तकनीकी सहायता पहुंचाने का एक गतिशील केंद्र भी है, जो किसानों को आत्मनिर्भर और उन्नत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के उप संचालक श्री अमीत कुमार मोहंती, पशु चिकित्सा सेवाओं के उप संचालक श्री एस.के. मिश्रा, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रमुख वैज्ञानिक श्री बी.पी. त्रिपाठी, डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा) श्री सुशील कुमार वर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अभियान के संचालन हेतु जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई है।