वनमण्डल में हल्के एवं भारी वाहन चालक पदों की भर्ती प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। प्रायोगिक परीक्षा हेतु कुल 50 अंक निर्धारित किए गए हैं, जिसमें 40 अंक चालन टेस्ट और 10 अंक चालन सुरक्षा उपायों के लिए रखे गए हैं।
वनमण्डल बलौदा बाजार से मिली जानकारी के अनुसार हल्का वाहन चालक के 3 पदों (अनारक्षित 2, अनुसूचित जाति 1) एवं भारी वाहन चालक के 2 पदों (अनारक्षित 1, अनुसूचित जाति 1) के लिए भर्ती हो रही है। हल्का वाहन चालक पद हेतु 319 एवं भारी वाहन चालक पद हेतु 96 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं।
प्रायोगिक परीक्षण में हल्के वाहन चालकों से ‘एच’ और भारी वाहन चालकों से ‘टी’ आकार में ड्राइविंग टेस्ट लिया गया। मूल्यांकन कुल 100 अंकों के आधार पर किया गया, जिसमें 40 अंक मशीनी ज्ञान एवं यातायात नियमों की परीक्षा, 10 अंक अनुभव प्रमाण पत्र और 50 अंक ड्राइविंग कौशल एवं सुरक्षा उपायों के लिए निर्धारित थे।
अनुभव अंक प्रदान करने में ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और दो वर्षों के कार्यानुभव को प्रमुखता दी गई। हल्के या भारी वाहन का उल्लेख न होने की स्थिति में ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पात्रता तय की गई।
यह भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ सम्पन्न की जा रही है, जिससे योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिल सके और वन विभाग की सेवाएं और भी सुदृढ़ बन सकें।