आत्मानंद स्कूल अर्जुनी में प्रवेश में रिश्वत कांड की गूंज—प्राचार्य निलंबित, जनभागीदारी अध्यक्ष चित्रलेखा साहू पर भी आरोप; स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण को लेकर मचा बवाल
बलौदा बाजार , आत्मानंद अंग्रेजी /हिंदी माध्यम विद्यालय, अर्जुनी में प्रवेश प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपों ने शिक्षा जगत को हिला दिया है। इस प्रकरण में विद्यालय के प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है, जबकि जांच में जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष चित्रलेखा साहू की संलिप्तता भी पाई गई है। आरोपों के बावजूद चित्रलेखा साहू आज भी पद पर बनी हुई हैं।
चित्रलेखा साहू भारतीय जनता पार्टी संगठन से जुड़ी हैं और 15 अगस्त को अध्यक्ष के रूप में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (आत्मानंद विद्यालय) में ध्वजारोहण करने वाली हैं। इस पर स्थानीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सवाल उठ रहे हैं कि प्रवेश में रिश्वतखोरी के आरोप झेल रही व्यक्ति तिरंगे का ध्वजारोहण कर समाज को क्या संदेश देंगी।
सूत्रों के अनुसार, मंत्री स्तर तक मामले की जानकारी पहुंच चुकी है। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष, बलौदा बाजार प्रभारी मंत्री और स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा को भी इस संबंध में पूरी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक चित्रलेखा साहू के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पार्टी की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनता का कहना है कि आरोप गंभीर हैं और पद की गरिमा को देखते हुए चित्रलेखा साहू को तुरंत पद से हटाया जाना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस जैसे पवित्र अवसर पर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी व्यक्तियों द्वारा ध्वजारोहण न केवल विवाद को बढ़ाएगा, बल्कि संगठन की साख पर भी असर डालेगा।