कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की अनुशंसा पर ग्राम डबराभाट से बरबसपुर तक के मुरूम सड़क निर्माण कार्य के लिए दो लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति को कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा द्वारा जारी किया गया है। निर्माण कार्य के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जनपद पंचायत कवर्धा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपी गई है, जो निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कराएंगे।
इस सड़क निर्माण से ग्रामीण अंचल के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और कृषि उत्पादों के परिवहन में भी आसानी होगी। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस मार्ग के सुधार की मांग कर रहे थे, जिसे अब स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि प्रभारी मंत्री की सक्रिय पहल से विकास कार्यों को गति मिल रही है तथा ग्रामीण बस्तियों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं।