विवाह के महज नौ महीने बाद ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए फरार मुख्य आरोपी को मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
मामला भवानी नगर सिमगा निवासी उमाशंकर कुंभकार (36) पर प्राणघातक हमले से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपिया पत्नी निशा कुंभकार का विवाह से पहले प्रदीप कहार नामक युवक से प्रेम संबंध था। विवाह के बाद मिलने-जुलने में बाधा आने पर दोनों ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत 25 अक्टूबर की शाम निशा ने अपने पति उमाशंकर को फोन कर बेमेतरा पुराना पुल के पास एक परिचित को पैसे देने भेजा। वहां पहले से मौजूद प्रेमी प्रदीप कहार ने लोहे की धारदार कैंची से उमाशंकर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गया।
थाना सिमगा पुलिस ने प्रार्थी सुनील कुमार कुंभकार की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 596/2025 धारा 109, 61(2) क बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित सिमगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन छिंदवाड़ा (म.प्र.) में ट्रेस की। तत्पश्चात पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी प्रदीप कहार उर्फ अनुज साहू उर्फ मैथ्यू (24 वर्ष) निवासी ग्राम लखनवाड़ा थाना अमरवाड़ा जिला छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश से पूछताछ में उसने अपनी प्रेमिका निशा कुंभकार के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाना और हमला करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
थाना सिमगा पुलिस की तत्परता और साइबर सेल की तकनीकी दक्षता से यह गुत्थी सुलझ पाई।