पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर देखने को मिला, जब विधायक भावना बोहरा के ग्राम रणवीपुर स्थित निज निवास एवं विधायक कार्यालय में कैबिनेट मंत्री एवं सतनाम समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब जी का आगमन हुआ। इस अवसर पर सतनाम समाज के प्रतिनिधि मंडल, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासियों द्वारा गुरु खुशवंत साहेब जी का भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान गुरु खुशवंत साहेब जी एवं विधायक भावना बोहरा ग्राम गौरमाटी, डोंगरिया खुर्द, कुआँमालगी एवं बीजाभाटा में आयोजित गुरु प्रकाश पर्व एवं गुरु घासीदास बाबा जयंती समारोह में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान जैतखाम एवं गुरु गद्दी की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ प्रदेश की समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की गई।
गुरु खुशवंत साहेब जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के विचार आज भी समरस और समान समाज के निर्माण का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश समाज को भाईचारे, समानता और आपसी सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। गुरु प्रकाश पर्व समस्त मानव समाज के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, वैभव और ऐश्वर्य का प्रकाश लेकर आए, यही कामना है।
विधायक भावना बोहरा ने इस अवसर पर कहा कि गुरु घासीदास बाबा जी सामाजिक चेतना और समता की अलख जगाने वाले युगद्रष्टा संत थे। उनका संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों के आधार पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा जी का “मनखे-मनखे एक समान” का विचार आज भी सामाजिक एकता और मानव मूल्यों की सबसे मजबूत नींव है।
भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार गुरु घासीदास बाबा जी के विचारों और सतनाम समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा जी के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
विधायक ने यह भी कहा कि पंडरिया विधानसभा में सभी वर्गों और समाजों को साथ लेकर विकास कार्य किए जा रहे हैं। छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग जैसी योजनाएं गुरु घासीदास बाबा जी के आदर्शों से प्रेरित होकर ही लागू की गई हैं। उन्होंने सतनाम समाज के सहयोग और अपनत्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए गुरु प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सतनाम समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और सकारात्मक जनसंदेश को और सशक्त किया।