आध्यात्मिक नगरी कवर्धा में तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ खो-खो लीग 2025 का समापन शुक्रवार को स्थानीय इंडोर स्टेडियम में भव्य आयोजन के साथ हुआ। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में ड्रीम पैंथर्स ने बाजी मारी जबकि महिला वर्ग में अग्नि एंजल की टीम चैंपियन बनी।
समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ खो-खो संघ अध्यक्ष कमल जीत अरोरा अध्यक्षता एवं जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में सतविंदर पाहुजा, डॉ. आनंद मिश्र, नरेंद्र मानिकपुरी, अजय सिंह, तरुण शुक्ला, दीपक व गणेश यादव, देवेंद्र गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांटे के मुकाबले, 170 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
यह पहला अवसर था जब छत्तीसगढ़ खो-खो लीग का आयोजन कबीरधाम जिले को सौंपा गया। कुल 22 जिलों से 8 टीमों का गठन किया गया, जिसमें 170 खिलाड़ी, 30 ऑफिशियल, 24 कोच व मैनेजर शामिल हुए। तीन दिनों तक खेले गए 26 मुकाबले रोमांच, जोश और संघर्ष से भरपूर रहे।
जिला खो-खो संघ के सचिव राजर्षि पांडेय ने बताया कि समापन समारोह को राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वर्चुअल रूप से संबोधित कर खिलाड़ियों व आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
विजेताओं को मिला सम्मान
पुरुष वर्ग में ड्रीम पैंथर्स प्रथम, रॉयल किंग द्वितीय, कल्कि फोर्स तृतीय तथा शैडो स्ट्राइकर चतुर्थ स्थान पर रही। महिला वर्ग में अग्नि एंजल ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि धाकड़ वॉरियर उपविजेता, डेंजर डॉल्फिन तीसरे व आयरन क्वीन चौथे स्थान पर रहीं।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में रामेश्वर व उर्मिला (बेस्ट डिफेंडर), राकेश व कुशुम (बेस्ट अटैकर), अंकुश व झमिता (बेस्ट ऑलराउंडर), राहुल व उमा (बेस्ट वजीर) रहे। ओवरऑल बेस्ट प्लेयर का खिताब कु. मनीषा ठाकुर को मिला।
विजेता टीम को ₹7,000 नगद, ट्रॉफी व गोल्ड मेडल, उपविजेता को ₹5,000 नगद, ट्रॉफी व सिल्वर मेडल तथा तीसरे-चौथे स्थान पर रही टीमों को ₹3,000 नगद व ट्रॉफी प्रदान की गई। सभी ट्रॉफियां डॉ. आनंद मिश्र के सौजन्य से दी गईं।
कबीरधाम को मिली सराहना
छत्तीसगढ़ खो-खो संघ के महासचिव तरुण शुक्ला ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर कबीरधाम जिला खो-खो संघ की व्यवस्था की सराहना की और भविष्य में राजनांदगांव में खो-खो इंडोर स्टेडियम निर्माण की मांग रखी।
समापन समारोह में देवेंद्र गुप्ता (अध्यक्ष, जिला खो-खो संघ) ने आभार प्रदर्शन किया जबकि संचालन अवधेश श्रीवास्तव ने अपने प्रभावी अंदाज में किया। आयोजन में मोहन धुवे, भरत कोटेलकर, फिरोज रहमान, जफर सिद्दीकी, उमेश निर्मलकर, मुरली रेड्डी, विक्रांत शुक्ला, समीर शुक्ल, रवि सिंह, प्रीति पटेल, समृद्धि यादव सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।