छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर जिला कबीरधाम में सहायक शिक्षकों ने अनुशासित एवं शांतिपूर्ण ढंग से एकदिवसीय हड़ताल कर अपनी चार सूत्रीय मांगों को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा। जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा के नेतृत्व में हजारों शिक्षकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।
हड़ताल के माध्यम से शिक्षकों ने मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नत वेतनमान प्रदान करना, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर एलबी संवर्ग को समस्त लाभ देना, TET की अनिवार्यता समाप्त करना तथा VSK App के माध्यम से निजी मोबाइल से ऑनलाइन उपस्थिति की बाध्यता को समाप्त करना शामिल है।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा ने कहा कि फेडरेशन बीते सात वर्षों से शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ता आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। वक्ताओं ने VSK App से जुड़ी निजता एवं डेटा सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी गंभीरता से रखा।
इस अवसर पर जिला संयोजक राजेंद्र शर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष केशलाल साहू, जिला उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने संगठन को और मजबूत करने तथा शिक्षा हित में सतत संघर्ष के संकल्प के साथ आंदोलन को सफल बनाया।