कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में 22 से 24 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले संत समागम समारोह (माघ मेला) एवं तिलक समारोह को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा जारी आदेश के तहत मेला अवधि में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई गई है।
संत समागम भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है, जहां देशभर से संत-महात्मा और श्रद्धालु धर्म, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश देते हैं। वहीं तिलक समारोह गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक उत्तरदायित्व के हस्तांतरण का महत्वपूर्ण संस्कार है, जो समाज को अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देता है। ऐसे पावन आयोजनों की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



