जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए विभिन्न थाना एवं चौकियों में सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और असामाजिक तत्वों की परेड कराई। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया।
बलौदा बाजार पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत थाना और चौकी क्षेत्रों के आदतन अपराधियों को थानों में तलब किया गया, जहां उनकी गतिविधियों, वर्तमान व्यवसाय, आय के स्रोत तथा आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक बदमाश का डोजियर खंगालते हुए उनके रिकॉर्ड को अद्यतन किया और भविष्य की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान पुलिस ने सभी बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, अवैध वसूली, मारपीट, शराबखोरी, जुआ-सट्टा अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध की राह पर दोबारा कदम बढ़ाने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सीधे जेल भेजने की बात कही गई।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जहां असामाजिक तत्वों में खौफ का माहौल देखा गया, वहीं आम नागरिकों ने इसे सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है। जिले में अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में कानून का राज कायम रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अपराधियों को सुधारने का अवसर दिया जा रहा है, लेकिन यदि वे नहीं सुधरे तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय मानी जाए। जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्व अब पुलिस की रडार पर हैं और उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।