सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत क्षेत्र में पंचायतों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। ग्राम पंचायत भवनों में ताला बंद रहने, सचिवों की वास्तविक उपस्थिति और दैनंदनी के आधार पर वेतन भुगतान की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विडंबना यह है कि पंचायतों में सचिवों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और सरकारी कामकाज की निगरानी करने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, उन्हीं के कार्यालय से सचिवों के उपस्थिति एवं वेतन पत्रक की जानकारी देने से इनकार कर दिया गया। इससे पंचायत प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत मांगी गई जानकारी से जुड़ा है। आवेदक ने 27 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा में आवेदन देकर क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों के सचिवों द्वारा 1 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक जमा किए गए उपस्थिति एवं वेतन पत्रक की प्रमाणित छायाप्रति मांगी थी। यह जानकारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति और उसी के आधार पर जारी होने वाला वेतन सीधे सरकारी धन और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा विषय है।
लेकिन जनपद पंचायत कार्यालय ने 16 नवंबर 2026 को जारी पत्र में सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 8(1)(ज) का हवाला देते हुए जानकारी देने में असमर्थता जताई। कार्यालय का तर्क है कि मांगी गई जानकारी व्यक्तिगत सूचना की श्रेणी में आती है तथा इसका प्रकटीकरण किसी व्यक्ति की निजता में अनावश्यक हस्तक्षेप हो सकता है। इसी आधार पर सूचना उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया गया।
सरकारी कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति और सार्वजनिक धन से होने वाला वेतन भुगतान प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा विषय है। ऐसे में इसे पूरी तरह व्यक्तिगत सूचना मानकर जानकारी रोकने का निर्णय पारदर्शिता के सिद्धांतों के अनुरूप है या नहीं, यह भी परीक्षण का विषय है।
क्षेत्र में स्थिति यह बताई जा रही है कि कई ग्राम पंचायत भवनों में नियमित रूप से ताला बंद रहता है। ग्रामीण पंचायत संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी नहीं मिलते। दूसरी ओर सचिवों की दैनंदनी में उपस्थिति दर्ज होती है और उसी के आधार पर वेतन जारी किए जाने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यदि दैनंदनी में दर्ज उपस्थिति और पंचायत भवनों की वास्तविक स्थिति में अंतर है, तो यह सामान्य प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि सरकारी कार्यप्रणाली की गंभीर जांच का विषय है।
इस पूरे मामले में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। पंचायत सचिवों की उपस्थिति की निगरानी, पंचायत भवनों का संचालन, कार्यों का निरीक्षण और वेतन भुगतान से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया की जवाबदेही जनपद स्तर पर तय होती है। इसके बावजूद पंचायत भवनों में ताला बंद रहने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना और सूचना मांगने पर जानकारी रोक देना कई सवाल खड़े करता है। आरोप हैं कि सीईओ की संरक्षणात्मक भूमिका के कारण सचिवों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। हालांकि इस आरोप की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
अधिनियम की आड़ या जवाबदेही से बचने का रास्ता
सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 8(1)(ज) के तहत व्यक्तिगत सूचना के प्रकटीकरण पर प्रतिबंध का प्रावधान है, लेकिन इसका उपयोग यांत्रिक तरीके से नहीं किया जा सकता। धारा 8(2) में व्यापक लोकहित की स्थिति में सूचना के प्रकटीकरण का प्रावधान है। वहीं धारा 19 के तहत आवेदक को प्रथम अपील का अधिकार प्राप्त है। ऐसे में संबंधित अभिलेखों की प्रकृति, निजता और लोकहित का परीक्षण कर नियमानुसार जानकारी देने पर विचार किया जाना चाहिए।
मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जिला प्रशासन को हस्तक्षेप कर जुलाई से सितंबर 2026 तक के उपस्थिति अभिलेख, दैनंदनी, वेतन भुगतान और पंचायत भवनों के निरीक्षण की स्थिति की जांच करानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर औचक निरीक्षण कर वास्तविकता सामने लाई जाए तथा अनियमितता मिलने पर संबंधित सचिव से लेकर निगरानी के जिम्मेदार अधिकारियों तक की जवाबदेही तय हो। आखिर पंचायतें ग्रामीणों की सुविधा के लिए हैं, न कि केवल कागजों में उपस्थिति दर्ज कर वेतन लेने और सरकारी जवाबदेही से बचने का माध्यम।