पोड़ी पुलिस ने चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी के मामले में गुलाबचंद राय पिता भुनेश्वर राय, उम्र 22 वर्ष, निवासी बैहरसरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग चांदी का रूपया और एक नग सोने की पत्ती बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कारेसरा में 6 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच रोशन कोटवार के खेत के पास अमृत बाई के गले में पहनी 9 नग चांदी की रूपया माला को मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों ने झपट लिया था। विरोध करने पर महिला पर धारदार हथियार से वार कर आरोपी फरार हो गए थे। मामले में अपराध क्रमांक 178/2025 के तहत धारा 304, 309(4) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने थाना पिपरिया के अपराध क्रमांक 215/2026 में गिरफ्तार राधेलाल चतुर्वेदी से पूछताछ की। पूछताछ में राधेलाल ने कारेसरा की वारदात में गुलाबचंद राय के साथ शामिल होना बताया। इसके बाद पुलिस ने गुलाबचंद को उसके निवास से पकड़कर पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में गुलाबचंद ने बताया कि वह राधेलाल का दोस्त है। दोनों जुए में रुपये हारने के बाद कर्ज में आ गए थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने चोरी और झपटमारी की योजना बनाई। 6 नवंबर को दोनों मोटरसाइकिल से कारेसरा पहुंचे और महिला के गले से चांदी की माला झपट ली। वारदात के बाद चांदी के रूपयों में से एक-एक रूपया दोनों ने आपस में बांट लिया।
पूछताछ में आरोपी ने 11 अप्रैल 2026 को ग्राम गण्डईकला मोड़ के पास बुजुर्ग महिला के गले से सोने की पत्ती चोरी करने की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी के अनुसार वह राधेलाल चतुर्वेदी और नैनदास के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा था। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बहाने महिला के पास पहुंचकर हसिया से उसके गले की माला काटकर सोने की पत्तियां चोरी की गई थीं।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में एक नग चांदी का रूपया और एक नग सोने की पत्ती जब्त की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गुलाबचंद राय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों और वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।