कवर्धा , पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं अधूरे कार्यों के शीघ्र संपादन हेतु अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक बोहरा ने विशेष रूप से सुतियापाट नहर विस्तारीकरण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत हितग्राहियों की सूची तैयार कर कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही तथा ग्रामों में पेयजल संकट और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं के समाधान हेतु समन्वय और निगरानी को प्राथमिकता दी।
विधायक ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल और बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के विशेष निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में शौचालय, स्वच्छता, पाठ्यपुस्तक, गणवेश, और सेनेटरी पैड जैसी मूलभूत सुविधाओं की समयपूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, तालाबों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, राशन दुकानों की निगरानी तथा पात्र हितग्राहियों के लिए राशनकार्ड बनवाने हेतु शिविर आयोजन के निर्देश भी दिए।
भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। उनका उद्देश्य है— भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन, गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना और हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना।
विधायक बोहरा ने कहा कि यह सरकार आम जनता को केंद्र में रखकर योजनाओं का संचालन कर रही है, जिससे हर वर्ग— किसान, महिला, विद्यार्थी, व्यापारी— सशक्त हो और क्षेत्रीय उन्नति सुनिश्चित हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे समय-समय पर विकास कार्यों की समीक्षा कर जनहित में कोई भी समझौता नहीं होने देंगी।