प्रदेश में किसानों को समय पर खाद और बीज न मिलने से नाराज कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह जांगड़े के नेतृत्व में मंगलवार को ग्राम रेगाखार खुर्द में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीण किसानों ने भाग लिया।
वीरेंद्र सिंह जांगड़े ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर तीखा हमला करते हुए कहा कि, “जब अन्नदाता ही बोवाई के समय खाद और बीज के लिए परेशान हो, तब प्रदेश में विकास की बातें करना एक मज़ाक बन गया है। भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।”
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसानों की चिंता छोड़कर केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति में लगी है। सहकारी समितियों में खाद-बीज की भारी कमी है, जिससे किसान लगातार परेशान हो रहे हैं और बार-बार खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कामों का हवाला देते हुए जांगड़े ने कहा कि कांग्रेस शासन में ऋण माफी योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, और खाद-बीज की समय पर उपलब्धता जैसी योजनाओं से प्रदेश में खेती-किसानी को मजबूती मिली थी। लेकिन भाजपा ने या तो इन योजनाओं को बंद कर दिया है या फिर इनके लाभ किसानों तक नहीं पहुंचने दिए जा रहे हैं।
धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने एक सुर में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही खाद-बीज की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शामिल रहे:
वीरेंद्र सिंह जांगड़े (प्रदेश सचिव, कांग्रेस), ईश्वरी पटेल, हरी पटेल, सुरेश धुर्वे, विजय बचकर, यशवंत धुर्वे, पुरुषोत्तम पटेल, रामजी पटेल, सुरेश कुमार धुर्वे, हजारी, श्यामू सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने दोहराया कि वह हमेशा किसानों के साथ रही है और आगे भी उनकी लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।