कवर्धा
छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कांवड़ यात्रियों के साथ आज यात्रा के पांचवे दिन मोहतरा से डोंगरिया महादेव तक की पदयात्रा पूरी की। इस अवसर पर पंडरिया नगर में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा नगर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के उद्घोष से भक्तिमय और भगवामय हो गया।

विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में लगभग 300 से अधिक कांवड़ियों का जत्था परसवारा, दशरंगपुर पुतकी होते हुए डोंगरिया महादेव मंदिर पहुंचा। यहां भाजपा पदाधिकारियों, महिला एवं युवा मोर्चा, सामाजिक संगठनों और हजारों शिवभक्तों ने फूल वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था डगमगाई नहीं और पंडरिया नगर में भारी जनसमूह उपस्थित रहा।
विधायक बोहरा ने डोंगरिया महादेव में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सनातन संस्कृति का प्रतीक है जो भक्ति, समर्पण और एकता का संदेश देती है। उन्होंने इसे “एक लोक-उत्सव, आस्था और परंपरा का संगम” बताया और कहा कि यह यात्रा महादेव को शीतल जल अर्पण करने की वह परंपरा है जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता दिखाई देती है।



