कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम कामठी में नवरात्रि की शुरुआत से पहले पंडाल स्थापना को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। शनिवार सुबह एक पक्ष द्वारा लगाए गए पंडाल को हटाए जाने के बाद दूसरा पक्ष आक्रोशित हो गया और दोनों तरफ से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुँचा, लेकिन इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच भी झड़प की स्थिति बन गई। हंगामे में एक महिला आरक्षक चोटिल हो गई है। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती थी और हाथ में गंभीर चोट आई है। वहीं, मौके पर मौजूद एसडीओपी के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ग्राम कामठी में लंबे समय से मंदिरों को लेकर मतभेद बने हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व मंदिरों के नामकरण और धार्मिक प्रतीकों को लेकर असहमति की स्थिति उत्पन्न हुई थी। यही विवाद इस वर्ष नवरात्रि पर्व के अवसर पर फिर से उभर आया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि सभी पक्ष शांति और सौहार्द बनाए रखें।