इंस्टाग्राम पर समुदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी करने और महिला की तस्वीर पर अशोभनीय शब्द लिखकर अपलोड करने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंचने बड़ी सफलता हासिल की।
थाना लोहारा क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोबाइल नंबर 7058432636 वाले व्यक्ति ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड हासिल कर लिया और समाज के विरुद्ध भड़काऊ पोस्ट के साथ उसकी फोटो पर अभद्र टिप्पणी लिखकर अपलोड कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/25 धारा 296, 299, 352 बीएनएस तथा 65 आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और निरंतर खोजबीन के आधार पर पुलिस टीम नागपुर पहुँची और आरोपी सागर बारा पात्रे (35 वर्ष), निवासी लकड़गंज, नागपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर अभद्र व भड़काऊ सामग्री अपलोड करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। आरोपी को विधिसंगत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय कवर्धा में पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में एएसआई आशीष सिंह और प्रधान आरक्षक 381 शमशेर अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।