कवर्धा , छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन के भीतर पंडरिया का वर्चस्व इस समय चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। हाल ही में घोषित जिला अध्यक्ष की नियुक्ति ने जिले की राजनीतिक धरातल पर नई खलबली मचा दी है। पंडरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जहां समर्थकों में उत्साह की लहर है, वहीं कई दावेदारों में मायूसी साफ देखी जा रही है।
पंडरिया की पहचान और भी मजबूत तब होती है जब जिला कांग्रेस के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी पंडरिया ब्लॉक का दबदबा दिखाई देता है। किसान कांग्रेस की जिला कमान रवि चंद्रवंशी (परसवारा), युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रभान कोसले, और प्रदेश सचिव अतुल बारगाह—ये सभी पंडरिया क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं।
इससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि संगठनात्मक मजबूती और जमीनी सक्रियता के आधार पर पंडरिया कांग्रेस में नई धुरी के रूप में उभर रहा है।
जिला अध्यक्ष पद के लिए दर्जनों दावेदारों की चर्चा के बीच यह नियुक्ति जातिगत समीकरणों और आंतरिक अटकलों पर भी पूर्ण विराम लगा चुकी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह फैसला आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखकर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल को पंडरिया क्षेत्र ने उल्लेखनीय बढ़त दिलाई थी, जिसने इस क्षेत्र की राजनीतिक सक्रियता और प्रभाव को राष्ट्रीय पटल तक उजागर किया है।
कुल मिलाकर, नवीन नेतृत्व के साथ पंडरिया न केवल जिला कांग्रेस बल्कि प्रदेश स्तरीय राजनीति में भी अपना प्रभाव लगातार विस्तार करता दिख रहा है।