ग्राम पंचायत खम्हरिया का गौरव बढ़ाते हुए परसोत्तम निषाद का छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर गांव के युवाओं ने श्रीफल, बुके और गुलाल लगाकर उनका सम्मान किया तथा हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
गरीब परिवार से आने वाले परसोत्तम निषाद ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा। गांव में रहते हुए ऑनलाइन कोचिंग और स्थानीय मैदान में लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने यह सफलता पाई। सीमित संसाधनों में की गई उनकी तैयारी और अटूट मेहनत युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
परसोत्तम निषाद के चयन से गांव में उत्साह का माहौल है। परिजनों, युवाओं और ग्रामीणों ने उनकी सफलता को गांव का सम्मान बताया। मौके पर परषोत्तम निर्मलकर (अध्यक्ष, जनभागीदारी एवं प्रबंधन समिति, नवीन शासकीय महाविद्यालय कुंडा), नरेश निषाद, आशीष निषाद, बबलू निषाद, सुभाष रजक, अमन निषाद, नागेश्वर कश्यप और योगेश रजक सहित कई युवा मौजूद रहे।
परसोत्तम निषाद की सफलता साबित करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर बाधा को पार किया जा सकता है।