भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक सशक्त करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए कबीरधाम जिला से युवा नेतृत्व को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के तहत कबीरधाम जिला के लिए जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की गई है।
घोषणा के अनुसार उमंग पाण्डे को भाजपा युवा मोर्चा कबीरधाम जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं अमित चंद्रवंशी और थानेश्वर जायसवाल को महामंत्री (कबीरधाम जिला) का दायित्व सौंपा गया है। इन नियुक्तियों को संगठन में युवाओं की भूमिका बढ़ाने और जिले में पार्टी की जमीनी पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमित चंद्रवंशी पूर्व में जनपद पंचायत पंडरिया के सदस्य रह चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान वे सबसे कम उम्र के सदस्य रहे, जिससे उनकी सक्रियता और संगठन क्षमता की पहचान बनी। वहीं थानेश्वर जायसवाल वर्तमान में जनपद पंचायत पंडरिया के सभापति हैं और प्रशासनिक व संगठनात्मक अनुभव रखते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन तीनों नेताओं की पार्टी के प्रति निष्ठा, जनसंपर्क और संगठन पर मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि यह टीम कबीरधाम जिले में युवाओं को संगठन से जोड़ने, जनआंदोलनों को गति देने और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
भाजपा द्वारा कबीरधाम जिले से युवा नेतृत्व को आगे लाना उस व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पार्टी राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत और सक्रिय नेतृत्व तैयार करने पर फोकस कर रही है।