कबीरधाम जिले के पण्डरिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रूसे के हनुमान नगर में चल रहे सामुदायिक भवन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई है। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से स्वीकृत यह निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाए जाने के बाद जनपद पंचायत प्रशासन ने इसे तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जनपद पंचायत पण्डरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शिकायत के आधार पर जांच में निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे, जिसके चलते आगामी आदेश तक कार्य पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माणाधीन ढांचे में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाए, ताकि आगे की जांच प्रभावित न हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना कलेक्टर कबीरधाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम, तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उप संभाग पण्डरिया को भेजी गई है। वहीं, तकनीकी सहायक हिरेन्द्र वैष्णव को मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही, कमीशनखोरी और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की ओर इशारा करता है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब निर्माण कार्य चल रहा था, तब तकनीकी निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण कहां था? अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई होती है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।