90 हजार रुपये बैंक खाते में कराए ट्रांसफर, मारपीट और लूटपाट में इस्तेमाल दो बाइक सहित 1.42 लाख की संपत्ति जब्त
कवर्धा। मवेशियों का व्यापार करने निकले तीन व्यापारियों को चढ़चौड़ा जंगल में बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने के सनसनीखेज मामले में भोरमदेव पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्यापारियों से नगदी और मोबाइल लूटने के बाद पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। दबाव बनाकर उनके बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में 90 हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिए थे। पुलिस ने आरोपी कामू बैगा, चंदन सिंह धुर्वे, महेश धुर्वे और सुरेश धुर्वे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है। ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए नौ मवेशियों को बेचने मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम सारसडोल जा रहे थे। इसी दौरान चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास विश्राम करते समय ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
आरोपियों ने कुलेश्वर से 10 हजार, शिव प्रसाद से 40 हजार और गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके अलावा मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके बाद तीनों व्यापारियों को ग्राम केसदा की ओर ले जाकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। भय और दबाव के बीच आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की रिपोर्ट 8 नवंबर को दर्ज होने के बाद भोरमदेव पुलिस ने अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ितों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चारों की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर नगदी, मोबाइल, मोटरसाइकिल और बैंक खाते में फिरौती की रकम के लेनदेन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए।
दो बाइक, तीन मोबाइल और 25 हजार रुपये जब्त
पुलिस ने आरोपी कामू बैगा के कब्जे से 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल और बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट बरामद किया। चंदन सिंह धुर्वे से 10 हजार रुपये नगद, 6 हजार रुपये का मोबाइल और 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई। महेश धुर्वे से 5 हजार रुपये नगद, एक हजार रुपये का मोबाइल और 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं सुरेश धुर्वे के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद जब्त किए गए।
इस तरह पुलिस ने कुल 25 हजार रुपये नगद, तीन मोबाइल और दो मोटरसाइकिल सहित 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े स्क्रीनशॉट को भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कामू बैगा (30), चंदन सिंह धुर्वे (54), महेश धुर्वे (22) और सुरेश धुर्वे (37) शामिल हैं। चारों ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव के निवासी हैं। 9 नवंबर को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लालमन साव, एएसआई दिनेश झरिया, एएसआई संजीव तिवारी, साइबर टीम, महिला प्रधान आरक्षक सुखबती भलावी, आरक्षक रूबी राय, राम यादव और अभिनय तिवारी की भूमिका रही। पुलिस ने मवेशी व्यापारियों से परिवहन के दौरान सतर्कता बरतने और धमकी, लूटपाट अथवा जबरन वसूली की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।