पंडरिया। विधायक भावना बोहरा ने गुरुवार को नगर पंचायत पांडातराई में विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और अधोसंरचना निर्माण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हुए लगभग 3 करोड़ के जल आवर्धन घोटाले और गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों की जांच के निर्देश दिए।
भावना बोहरा ने कहा कि सरकार का प्राथमिक उद्देश्य जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना और विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, स्कूलों का उन्नयन, बाउंड्रीवाल निर्माण, सेनेटरी पैड की उपलब्धता, बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम सहित कई जनहित के विषयों पर गहन चर्चा की।



