कवर्धा। नेशनल हेराल्ड घोटाले में ईडी द्वारा राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत कई कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ चार्जशीट दायर किए जाने के बाद भाजपा ने विरोध तेज कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय आव्हान पर जिला भाजयुमो ने कवर्धा जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया और राहुल गांधी व सोनिया गांधी का पुतला दहन किया।
इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का यह आरोप था कि उन्हें जबरन नेशनल हेराल्ड मामले में फंसाया जा रहा है, लेकिन अब ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि इस घोटाले में उनकी सीधी संलिप्तता है।



