पांडातराई थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बालिका की नृशंस हत्या की गुत्थी कबीरधाम पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली है। सुनसान घर में खून से सनी लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी राजीव घृतलहरे (35 वर्ष) ने लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद और किशोरी पर गंदी नजर के चलते वारदात को अंजाम दिया।
(आरोपी के संघर्ष के निशान)
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को अकेला पाकर दुष्कर्म का प्रयास किया, विरोध करने पर उसे कोठार के पास ले जाकर सब्बल से उसकी हत्या कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच दलों को स्पष्ट निर्देश दिए। एफएसएल, डॉग स्क्वाड व तकनीकी टीमों की सहायता से जांच तेज की गई।
(आरोपी के संघर्ष के निशान)
आरोपी को हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। थाना पांडातराई में अपराध क्रमांक 106/2025 धारा 103(2), 332(1) बीएनएस एवं 8 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हुई त्वरित कार्रवाई ने समाज में कानून के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला सहित साइबर सेल व स्थानीय पुलिस का महत्वपूर्ण योगदान रहा।