कवर्धा
वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह (02 से 08 अक्टूबर 2025) के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, कवर्धा में “मानव एवं वन्यप्राणी सह-अस्तित्व” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वनमंडलाधिकारी श्री निखिल अग्रवाल (भा.व.से.) के निर्देशन तथा अधीक्षक, भोरमदेव अभ्यारण्य श्रीमती अनिता साहू के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सह-अस्तित्व की भावना को विकसित करना था।
इस अवसर पर परिक्षेत्र अधिकार एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के पर्यावरणीय महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता और मानव–वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों की जानकारी दी।

विद्यालय में निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने “संरक्षण से सह-अस्तित्व तक” के संदेश को अपने शब्दों और रंगों से सजीव किया।
प्राचार्या श्रीमती ग्रेसिया ऐन फीग्रेड ने अपने उद्बोधन में कहा —
“संरक्षण केवल एक शब्द नहीं, बल्कि एक सतत् संकल्प है। प्रकृति और वन्यजीव हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। यदि हमें सुरक्षित भविष्य चाहिए, तो आज से ही अपने व्यवहार में संवेदनशीलता लानी होगी।”



