छत्तीसगढ़ राज्य के गौरवशाली 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन तीन दिनों तक बड़े उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया जाएगा। यह आयोजन 2 से 4 नवंबर 2025 तक पं. चक्रपाणी शुक्ल स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान, बलौदाबाजार में संपन्न होगा।
कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में राज्योत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि राज्य के रजत जयंती वर्ष में “25 वर्षों की विकास यात्रा” को प्रदर्शित करने वाला यह उत्सव जनभागीदारी और विभागीय उपलब्धियों का जीवंत मंच बनेगा।
राज्योत्सव में प्रत्येक विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें जनकल्याण योजनाओं, नवाचारों और सफलता की कहानियों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से राज्य की समृद्ध संस्कृति का उत्सव मनाया जाएगा।
राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 से 5 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। साथ ही, निजी प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों को भी दीप सज्जा के लिए प्रेरित किया जाएगा। कलेक्टर सोनी ने दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, ढाबों के पार्किंग नियंत्रण, और वेतन भुगतान लंबित न रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का वेतन दीपावली से पहले अवश्य जारी हो जाए।
धान खरीदी को लेकर उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने, गुणवत्तापूर्ण बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, तथा उपार्जन केंद्रों की सड़कों एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “धान खरीदी का कार्य मिशन मोड पर किया जाए और प्रतिदिन की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।”
बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
यह तीन दिवसीय राज्योत्सव जिले की विकास गाथा और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ अनुभव कराने वाला यादगार आयोजन सिद्ध होगा।