जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम जर्वे में चार आरोपियों ने एक युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद थाना पलारी पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक कैलाश वर्मा (25 वर्ष) निवासी ग्राम जर्वे था। दिनांक 22 अक्टूबर की रात पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद में आरोपी कामेश्वर साहू, जतिराम साहू और उनके साथियों ने कैलाश को घर से घसीटते हुए गांव के चौक तक लाया और खंभे से बांधकर हाथ-मुक्का, डंडे और जीआई पाइप से बेरहमी से पीटा।
बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के पिता पुरूषोत्तम वर्मा, भाई बुध्देश वर्मा और ग्रामीण गेंदराम साहू से भी आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल कैलाश वर्मा को पहले शासकीय अस्पताल पलारी और फिर जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद अंशु साहू (19), जतिराम साहू (43), बिहारी लाल साहू (35) और कामेश्वर साहू (45) — सभी निवासी ग्राम जर्वे — को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 127(2), 109, 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।