छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों पर सख्त कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने ग्राम लटुवा में दबिश देकर एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने ही घर में 4.75 मीटर ऊँचा और 22.560 किलोग्राम वजनी गांजा का पेड़ उगा रखा था। इस अवैध पौधे की कीमत लगभग ₹15,000 आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के नेतृत्व में जिलेभर में असामाजिक और नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार कठोर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर 25 नवम्बर को पुलिस टीम ने गाँव में घेराबंदी कर आरोपी विदेशराम साहू (45 वर्ष) को पकड़ा। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर का सूक्ष्म निरीक्षण किया, जहाँ आंगन में लगाया गया विशाल आकार का गांजा पौधा मिला। पौधे को मौके पर विधिवत जप्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 1141/2025 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की खेती, भंडारण और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और ड्रग्स कारोबार के खिलाफ अभियान और भी तेज किया जाएगा। जप्त सामग्री: – 4.75 मीटर लंबा, 22.560 किलोग्राम वजनी गांजा का पौधा (कीमत ₹15,000) आरोपी: – विदेशराम साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम डमरू थाना सिटी कोतवाली यह कार्रवाई न केवल स्थानीय पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि मादक पदार्थों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति को भी राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ रूप से स्थापित करती है।