जनसहयोग, आस्था और डिजिटल पारदर्शिता का संगम : श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर उन्नयन महाअभियान का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में पहले ही दिन 75 लाख से अधिक का जनदान, QR कोड से देशभर से जुड़े श्रद्धालु
छत्तीसगढ़ की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर उन्नयन महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य मंदिर के समग्र उन्नयन, सौंदर्यीकरण एवं भव्य निर्माण के साथ-साथ जनसहभागिता, आस्था और आधुनिक डिजिटल पारदर्शिता को एक मंच पर लाना है।
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने मंदिर उन्नयन अभियान के लिए खोले गए बैंक एकाउंट एवं क्यूआर कोड का विमोचन किया। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से अब देश-प्रदेश के श्रद्धालु कहीं से भी ऑनलाइन दान कर इस पुण्य अभियान से जुड़ सकेंगे। यह पहल धार्मिक स्थलों के विकास में डिजिटल इंडिया की भावना को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह महाअभियान केवल मंदिर निर्माण का कार्य नहीं, बल्कि सामूहिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक चेतना का आंदोलन है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर भगवान श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव के भव्य धाम निर्माण के संकल्प को साकार करें।
कार्यक्रम में सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक श्री योगेश्वर राज सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति डॉ. बीरेन्द्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सेवा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने स्वयं 5 लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया तथा आगे 5 लाख रुपये और देने की घोषणा की। वहीं पूर्व विधायक श्री योगेश्वर राज सिंह एवं सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने 1-1 लाख 11 हजार 1100 रुपये, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू ने 1 लाख 11 हजार रुपये, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने 1 लाख रुपये तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी ने 2 लाख 21 हजार रुपये का सहयोग घोषित किया।
विशेष रूप से उल्लेखनीय यह रहा कि कवर्धा नगर पालिका के 21 पार्षदों ने एक-एक माह का वेतन एवं पार्षद निधि से एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा कर जनसहभागिता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पहले ही दिन 75 लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्र होना इस अभियान की व्यापक स्वीकार्यता और आस्था का प्रमाण है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि यह अभियान कवर्धा नगर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। जनसहयोग से निर्मित यह मंदिर आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों, दानदाताओं, सेवा समिति एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर उन्नयन महाअभियान जनआस्था और सहभागिता के बल पर देश-प्रदेश में एक नई पहचान स्थापित करेगा।