कबीरधाम जिले में पशु संरक्षण और मानवीय संवेदनशीलता को मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर के समीप पशु रेस्क्यु वाहन का विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। यह वाहन विधायक मद से 13 लाख 60 हजार रुपये की लागत से क्रय किया गया है।
लोकार्पण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से वाहन की तकनीकी विशेषताओं, उपयोगिता और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही वाहन का परीक्षण कराते हुए यह भी देखा कि घायल पशुओं को किस प्रकार सुरक्षित ढंग से वाहन में लाया और ले जाया जाएगा।
पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पशु रेस्क्यु वाहन के माध्यम से सड़क दुर्घटना या अन्य कारणों से घायल पशुओं को त्वरित रूप से घटनास्थल से पशु चिकित्सालय तक पहुंचाया जा सकेगा। उपचार के बाद इन पशुओं को गौशाला या पशु शेल्टर तक सुरक्षित ले जाने की समुचित व्यवस्था भी इस वाहन में की गई है। इससे समय पर उपचार मिलने से कई पशुओं की जान बचाई जा सकेगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गौ संरक्षण और पशु कल्याण को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। पशु रेस्क्यु वाहन जैसी सुविधाएं पशुओं के प्रति संवेदनशील शासन की पहचान हैं और इससे आम नागरिकों व पशुपालकों को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहन का नियमित, प्रभावी और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद पशुओं तक पहुंच सके। साथ ही वाहन की निरंतर निगरानी और रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।