जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ओवरलोड मालवाहनों और क्षमता से अधिक सवारी ले जा रही बसों पर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर दुर्ग उड़नदस्ता दल द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत 5 ओवरलोड मालवाहनों पर कार्रवाई कर ₹1.72 लाख का जुर्माना लगाया गया, वहीं परमिट शर्तों का उल्लंघन कर रही 10 यात्री बसों से ₹18,500 वसूले गए। कुल मिलाकर 15 वाहनों से ₹1,90,500 का जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी एम.एल. साहू ने कहा कि ओवरलोडिंग और परमिट उल्लंघन से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। ऐसे मामलों पर आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में सुरक्षित और अनुशासित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके ।