जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बोड़ला अंतर्गत पुलिस चौकी पोंडी की टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार, सुरजपुरा निवासी रूपेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उसके भांजे कृष्णा कुमार जायसवाल को शासकीय नौकरी दिलाने का लालच देकर 26 सितंबर 2023 से 25 फरवरी 2024 के बीच कुल 12 लाख 62 हजार रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर थाना बोड़ला में आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी भागीरथी साहू को पहले ही उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि अन्य आरोपी हरिषंकर गजभिये और डोमार चंदेल घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों की संपत्ति की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध अलग से चालान प्रस्तुत किया गया है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अरसिया थाना जैजैपुर जिला शक्ति निवासी उमेश चंद्रा (30 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर अंकसूची सहित अन्य मूल दस्तावेज लेने और 5 लाख रुपये नगद लेने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साहू, सहायक उप निरीक्षक बलदाऊ साहू, प्रधान आरक्षक खूबी साहू एवं आरक्षक राहुल कश्यप की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार के प्रलोभन या आर्थिक लेन-देन से बचें और संदेहास्पद गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।